मुश्किल समय में आशा का संचार

नवम्बर 19, 2023

इस दोपहर अपने प्रेरणादायी सत्संग में संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ने हमें एक ब्लूप्रिन्ट दिया कि हम कैसे जीवन के तूफ़ानों का सामना आशा और सकारात्मकता के साथ कर सकते हैं, तथा हमें याद दिलाया कि हम कभी भी अकेले नहीं होते हैं।

हमारे जीवन का काँटा ख़ुशी और दुख के पलों के बीच झूलता रहता है। जब हम हलचल का सामना करते हैं, तो हम व्यग्र, भयभीत, और यहाँ तक कि क्रोधित भी हो जाते हैं। हमारा मन हमें नीचे की ओर धकेलता जाता है, और हम नकारात्मकता और निराशा के उस जाल से निकल नहीं पाते हैं जो हम ख़ुद के लिए बुन लेते हैं। ऐसा करके हम हलचल बढ़ाते जाते हैं, तथा अपने लिए और दूसरों के लिए एक तनावपूर्ण वातावरण बना लेते हैं, जिसमें आशा या सकारात्मकता के लिए कोई जगह नहीं बचती है।

एक मनोरंजक लेकिन ज्ञानप्रद कहानी के माध्यम से महाराज जी ने समझाया कि कैसे हमारा मन और भौतिक इंद्रियाँ हमारे ऊपर हावी हो सकती हैं, आर तूफ़ान का सामना होने पर हमें नकारात्मकता की ओर ले जा सकती हैं। लेकिन संत-महापुरुष हमें तूफ़ान से बाहर निकलने का रास्ता दिखाते हैं। जब हमारी नाव तूफ़ान में फँस जाती है, तो हमें उस हलचल में बढ़ोतरी करके एक दूसरा तूफ़ान नहीं खड़ा कर देना चाहिए, वर्ना कहीं हमारी नाव ही न उलट जाए। तूफ़ान से बाहर निकलने का तरीका है शांत और स्थिर रहना। हम ऐसा कैसे कर सकते हैं? हम ऐसा कर सकते हैं अपनी नाव को प्रभु के हवाले करके।

चाहे हमें इस बात का एहसास हो या न हो, प्रभु हमेशा हमारे साथ चल रहे होते हैं। प्रभु ही हमें इस संसार में लाए हैं, और प्रभु का हाथ हमें हर मुश्किल से बाहर निकालने के लिए हमेशा तैयार रहता है। अपनी शारीरिक इंद्रियों के स्तर पर जीते हुए, हम प्रभु का अनुभव नहीं कर पाते हैं। एक पूर्ण सत्गुरु हमें ध्यानाभ्यास की तकनीक सिखाते हैं, ताकि हम अपने मन को स्थिर कर सकें, शारीरिक इंद्रियों से ऊपर उठ सकें, बाहरी संसार की हलचल से अपना ध्यान हटा सकें, और आंतरिक रूहानी मंडलों में ध्यान टिका सकें। ऐसा करने से हम ख़ुशी, शांति, और आनंद से भरपूर एक नई दुनिया में पहुँच जाते हैं।

जब हम नियमित रूप से ध्यानाभ्यास करते हैं और आंतरिक ज्योति के साथ जुड़ जाते हैं, तो हम प्रभु के प्रेम का अनुभव करने लगते हैं, और अपने जीवन में प्रभु की उपस्थिति को महसूस करने लगते हैं। प्रभु का प्रेम सदा हमारे साथ है। ये हमें जीवन के उतार-चढ़ाव से गुज़रने में मदद करता है, तथा हर स्थिति का सामना आशा और सकारात्मकता से करने की हिम्मत देता है।