ज़िंदगी की रुकावटों को कैसे पार करें

अगस्त 13, 2023

आज संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ने अपने ज्ञानवर्धक और उभारमयी सत्संग में समझाया कि ज़िंदगी की रुकावटों को पार करने के लिए हमें क्या चाहिए।

 जीवन से गुज़रते समय हम पाते हैं कि हमें हमेशा किसी न किसी समस्या से जूझना पड़ता है। कई बार हमें कोई शारीरिक बीमारी हो जाती है जो हमें दर्द और तकलीफ़ पहुँचाती है, या किसी नज़दीकी के साथ कोई गलतफ़हमी हो जाती है जो हमें भावनात्मक पीड़ा पहुँचाती है। कई बार हमें मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। मार्ग में कई बार हमें आध्यात्मिक समस्याओें का सामना भी करना पड़ता है, जब हम जीवन के अर्थ को लेकर और धरती पर अपने उद्देश्य को लेकर सवाल करने लगते हैं। ये समस्याएँ, जो हमें बहुत बड़ी लगती हैं, हमें भावनात्मक रूप से थका देती हैं। लेकिन रुकावट चाहे जो भी हो, उसका समाधान ज़रूर मौजूद होता है, महाराज जी ने फ़र्माया। समस्या के आकार और अनुपात से घबराने के बजाय, हमें समस्या को छोटे-छोटे हिस्सों में तोड़ देना चाहिए और उसे धीरे-धीरे हल करना चाहिए।

 साथ ही, हमें उस विषय के किसी एक्सपर्ट की मदद भी ले लेनी चाहिए, जो हमें उसको हल करने में मदद कर सके। जब हम किसी समस्या का समाधान करने की कोशिश करते हैं, तो हम अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करते हैं, जो हमारे अपने अनुभवों पर आधारित होता है। अगर हम केवल अपनी बुद्धि पर ही निर्भर रहेंगे, तो हम हमेशा एक ही जवाब पर पहुँचेंगे। लेकिन जब हम उस क्षेत्र के किसी एक्सपर्ट की राय लेते हैं, तो वो हमें एक अलग नज़रिया दे सकते हैं और हमें समाधान की तरफ़ ले जा सकते हैं।

 आध्यात्मिक क्षेत्र में भी, हमें मार्ग में आने वाली रुकावटों को हल करने के लिए किसी संत या सत्गुरु के मार्गदर्शन की ज़रूरत होती है। हमें उनकी शिक्षाओं पर अमल करना होगा, और स्थाई ख़ुशियाँ पाने के उनके दिखाए ब्लूप्रिन्ट पर अमल करना होगा। सद्गुणों से भरपूर जीवन आध्यात्मिक मार्ग पर चलने की पहली सीढ़ी है, और हमें चाहिए कि हम आत्म-निरीक्षण डायरी की मदद से धीरे-धीरे अपने अवगुणों को पहचानें और दूर करें, और रोज़ाना नियमित रूप से ध्यानाभ्यास करें। अगर हम ऐसा करेंगे, तो हम अवश्य प्रभु के प्रेम, प्रकाश, और दया का अनुभव करेंगे, जिससे हमारे मार्ग की समस्त रुकावटें दूर हो जायेंगी।