चुनाव हमें करना है

अगस्त 7, 2022

यह मानव चोला हमें दिया गया एक सुनहरा अवसर है जो हमें एक परम उद्देश्य पूरा करने के लिए दिया गया है – वो उद्देश्य है अपनी आत्मा का मिलाप उसके स्रोत, परमात्मा, से करवाना। इस संसार में हमारी आयु सीमित है, और यह हम पर है कि हम यहाँ ख़ुद को मिले समय से पूरा-पूरा लाभ उठायें।

हम में से हरेक के पास दिन में 24 घंटे होते हैं, जिसमें हमारा ज़्यादातर समय नींद, काम, सांसारिक उत्तरदायित्वों को निभाने, और अपने शरीर की ज़रूरतों को पूरा करने में निकलता है। इसके बाद, हमारे पास दिन में कुछ ही घंटे बचते हैं, जिसमें हमारे पास यह विकल्प होता है कि हम ऐसी गतिविधियों में समय बितायें जो हमें जीवन के आध्यात्मिक उद्देश्य को पूरा करने में मदद करती हैं, या हम उस समय को ऐसी गतिविधियों में बिता दें जो हमें इस भौतिक संसार के आकर्षणों में फँसाए रखती हैं। इसी तरह, दिन भर के दौरान, हम चुनाव कर सकते हैं कि हम अपने ध्यान को बाहरी संसार में लिप्त रखेंगे, या हम अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाते हुए भी अपना ध्यान प्रभु की ओर लगाए रखेंगे।

हम चाहे जो कुछ भी करें, यह हम पर निर्भर करता है कि हम अपने ख़ाली समय का इस्तेमाल कैसे करते हैं और अपने ध्यान को किस ओर एकाग्र करते हैं। यह चुनाव हमने करना है, महाराज जी ने फ़र्माया। अगर हम प्रभु की ओर ध्यान लगाने का निर्णय करेंगे, तो हम प्रभु की दिशा में तेज़ी से कदम उठाते जायेंगे।