रोज़ाना अभ्यास के द्वारा ध्यानाभ्यास में तरक्की करें

अक्टूबर 30, 2022

ध्यानाभ्यास की विधि बहुत ही आसान है। इसमें किसी भी चुनौतीपूर्ण या कठिन शारीरिक आसन की ज़रूरत नहीं होती है, तथा इसे जवान और बूढ़े उतनी ही आसानी से कर सकते हैं। ध्यानाभ्यास में हमें केवल अपने ध्यान को बाहरी संसार से हटाकर अपने अंतर में एकाग्र करना होता है। लेकिन जिस किसी ने भी मौन में बैठने का, और ध्यानाभ्यास में मन को शांत करने का, प्रयास किया है, वो आपको बता सकता है कि सरल होने के बावजूद ऐसा करना आसान नहीं है। हम ध्यान टिकाते समय अंतर में एकाग्र होने के लिए संघर्ष क्यों करते हैं, जबकि जीवन के अन्य क्षेत्रों में हम बेहद आसानी से एकाग्र हो जाते हैं?

इसका उत्तर एकाग्र होने की हमारी क्षमता में नहीं, बल्कि हम दुनिया को कैसे देखते हैं, इसमें छुपा है। हम अपने ध्यान को एकाग्र अवश्य कर सकते हैं, लेकिन हम इसे गलत क्षेत्र में एकाग्र करते हैं। छोटी उम्र से ही हमें सिखाया जाता है कि यह भौतिक संसार ही सबकुछ है। हमारी बाहरी संसार में ध्यान लगाए रखने की आदत बन जाती है, और हम अपनी ओर से किसी विशेष प्रयास के बिना ही, और मन की किसी रुकावट के बिना ही, ऐसा करने के आदी हो जाते हैं। इसीलिए, हम कई घंटों तक मन के विचारों से तंग हुए बिना अपने पसंदीदा टेलीविज़न प्रोग्राम देख पाते हैं, वीडियो गेम खेल पाते हैं, और पढ़ाई कर पाते हैं। लेकिन प्रभु को पाने के लिए और मानव जीवन के उद्देश्य को पूरा करने के लिए हमें ध्यानाभ्यास के द्वारा अपने भीतर झाँकना होगा।

जब हम अंतर में एकाग्र होने की कोशिश करते हैं, तो हम विचारों से घिर जाते हैं, क्योंकि हमारा मन हमें बाहरी दुनिया के ख़यालों और आकर्षणों में उलझाए रखना चाहता है। इस रुकावट पर जीत हासिल करने के लिए हमें यह समझ में आना ज़रूरी है कि जीवन उससे कहीं अधिक है जो हमें बाहरी संसार में दिखाई देता है। अगर हम सच्ची दौलत और सच्चा ख़ज़ाना पाना चाहते हैं, तो हमें अपने भीतर जाना होगा। इसके बाद, हमें मन को अपना मित्र बनाना होगा, ताकि वो हमारे ध्यानाभ्यास में रुकावट डालने के बजाय हमारी मदद करे। हमें मन की शक्ति का उपयोग कर नियमित रूप से ध्यान टिकाने का प्रयास करना चाहिए, ताकि यह हमारी आदत बन जाए। समय के साथ-साथ, हम ध्यानाभ्यास के दौरान अंतर में बेहतर तरीके से एकाग्र होना सीख जाते हैं। ऐसा हम नियमित रूप से, रोज़ाना ध्यान टिकाने से कर सकते हैं।