अनंत काल से
आज के अपने वेब प्रसारण में, संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ने बताया कि हम अपने लक्ष्य तक ज़रूर पहुँच सकते हैं, चाहे वो कितना ही कठिन क्यों न लगे, अगर हम एक-एक करके कदम उठाते जायें।
अनंत काल से ही मानवता को प्रभु की तलाश है। लेकिन ज़्यादातर लोग प्रभु का अनुभव करने के लिये पहला कदम ही नहीं उठा पाते, क्योंकि वो सोचते हैं कि ये असंभव है। हम ख़ुद से पूछते हैं कि हम इतने तुच्छ होते हुए प्रभु को कैसे पा सकते हैं? ये नकारात्मक सोच हमें रोक देती है, और हमें प्रभु-प्राप्ति की यात्रा पर जाने नहीं देती है। संत-महापुरुष इस संसार में आते हैं हमें जीवन के उद्देश्य की याद दिलाने के लिये। वे हमें समझाते हैं कि ये कार्य संभव भी है और आसान भी। प्रभु कहीं दूर नहीं हैं। प्रभु हमारे भीतर हैं, और उन्हें जानना हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। किसी भी बड़े कार्य की तरह ही, आध्यात्मिक लक्ष्य तक भी हम एक ही छलाँग में नहीं पहुँच सकते हैं। इसके बजाय ये तब पाया जा सकता है जब हम रोज़ाना अपने लक्ष्य की ओर छोटे-छोटे कदम बढ़ाते चले जायें।
एक यादगार बौद्ध कथा सुनाते हुए महाराज जी ने समझाया कि हम किसी बहुत बड़े कार्य को छोटे-छोटे टुकड़ों में कैसे बाँट सकते हैं। धीरे-धीरे, एक-एक कदम करके, हम अपने आध्यात्मिक लक्ष्य की ओर बढ़ सकते हैं, चाहे हमारे सामने कितनी ही चुनौतियाँ और रुकावटें क्यों न आयें। आध्यात्मिक मार्ग पर इसका मतलब है एक नैतिक जीवन जीना और रोज़ाना ध्यान-अभ्यास कर प्रभु के प्रकाश के साथ जुड़ना।
प्रभु सर्वव्यापी हैं, महाराज जी ने फ़र्माया। प्रभु सृष्टि के हरेक कण, हरेक जीव में हैं। ये चीज़ इंसानी समझ से परे है, जोकि समय और स्थान की सीमाओं में बँधी हुई है। लेकिन हमें अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर जाने के लिये प्रभु को पूरी तरह से समझ लेने का इंतज़ार नहीं करना चाहिये। समय के साथ-साथ, जैसे-जैसे हम ध्यान-अभ्यास करते रहते हैं, आगे बढ़ने का रास्ता धीरे-धीरे खुलता चला जाता है। नियमित ध्यान-अभ्यास से हमारे शरीर और मन को शांत होने में मदद मिलती है, और हम प्रभु के प्रेम व प्रकाश का अनुभव कर पाते हैं। इस तरह, धीरे-धीरे, एक-एक कदम करके, हम आत्म-ज्ञान और प्रभु-प्राप्ति के लक्ष्य तक पहुँच जाते हैं।