परिवर्तन से गुज़रना

अप्रैल 24, 2022

जीवन में परिवर्तन ही शाश्वत है, और जब परिवर्तन हमें दर्द और तकलीफ़ पहुँचाता है, तो हम निराश हो जाते हैं और टूट जाते हैं। आज संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ने उस सुरक्षात्मक ढाल के बारे में बताया जो हमें दया, प्रेम, और करुणा से घेर लेती है, तथा हमें जीवन के उतार-चढ़ाव का सामना करने में मदद करती है। जीवन की परेशानियों के बावजूद, महाराज जी ने समझाया, हमें अपने जीवन के उद्देश्य, आत्म-अनुभव और प्रभु-प्राप्ति, के प्रति एकाग्र बने रहना चाहिए।

हमें संतुलन बनाए रखना चाहिए, ‘तेरा भाणा मीठा लागे’ के अनुसार जीना चाहिए, और प्रभु की ओर मुड़ना चाहिए। फिर महाराज जी ने संत दर्शन सिंह जी महाराज की रूहानी शायरी में से एक शेअर लिया, जिसमें “सुरक्षा के समुद्र” के बारे में बताया गया था। यह कौन सा समुद्र है? यह है दया का समुद्र। संत-महापुरुष हमें सलाह देते हैं कि हमें प्रभु में अटूट भरोसा रखना चाहिए, और यह जानना चाहिए कि प्रभु ही हमारे संरक्षक हैं। इस सत्य का अनुभव करने के लिए और प्रभु में विश्वास को दृढ़ करने के लिए, हमें पहले प्रभु का अनुभव करना होगा, और ऐसा तब होगा जब हम ध्यानाभ्यास के द्वारा अंतर्मुख होंगे।