निराशा से जूझना: संत-महापुरुष हमें क्या सिखाते हैं
हम सबके अंदर इच्छाएँ हैं, संत राजिन्दर सिंह जी महाराज ने फ़र्माया। जब हम किसी चीज़ को पाने की मन में ठान लेते हैं, और उसे पाने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश करते हैं, तो वो चीज़ न मिलने पर हम बेहद निराश हो जाते हैं और हमारा दिल टूट जाता है। हो सकता है कि हमें अपनी मनचाही नौकरी न मिली हो, या हमें अपने मनपसंद कॉलेज में प्रवेश न मिला हो। जब जीवन में हमारी अपेक्षाएँ पूरी नहीं होती हैं, तो हमें हलचल और पीड़ा का एहसास होता है, और हम उस शांति से दूर चले जाते हैं जो अपने जीवन के परम उद्देश्य – प्रभु के साथ मिलन – को पूरा करने के लिए हमें चाहिए होती है।
हमें स्वयं को याद दिलाना चाहिए कि प्रभु हर समय हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं और हमें सहारा दे रहे हैं। अगर हमें हमारी इच्छित वस्तु नहीं मिलती है, तो ऐसा इसलिए क्योंकि प्रभु ने हमारे लिए कुछ बेहतर सोच रखा होता है। हमें यह बात अक्सर कुछ सालों के बाद समझ में आती है। जीवन के उतार-चढ़ाव का सामना करने के लिए हमारा प्रभु में भरोसा रखना आवश्यक है, महाराज जी ने समझाया। जब हम भरोसा करते हैं और अपनी ओर से पूरा प्रयास करते हैं, तथा परिणाम को प्रभु के हाथों में छोड़ देते हैं, तो हम ख़ुद को संतुष्टि का उपहार देते हैं। तब जो कुछ भी हमारे सामने आए, हम उसका सामना कर पाते हैं।